पंचकूला। पुलिस ने सकेतड़ी में जुआरियों के अड्डे पर दबिश देकर जुआ खेलते हुए मुख्य आरोपी समेत पांच आरोपियों को गिरपु्तार किया है। इनमें दिनेश निवासी बदायूं, उ.प्र., विजय सिंह निवासी गुमथल (संभल, उ.प्र.), राम किशन निवासी फरीदपुर (उ.प्र.), आत्माराम निवासी गांव सकेतड़ी, पंचकूला और मुख्य आरोपी राजेश निवासी पंडितों वाला मोहल्ला, सकेतड़ी का रहने वाला है।
यह सभी आरोपी अभी मानव कॉलोनी, सकेतड़ी में रह रहे थे। पुलिस की पूछताछ में पांचों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मौके पर जुआ खेलने और संचालन के लिए एकत्र हुए थे। मुख्य आरोपी राजेश ने लोगों को विभिन्न चिन्हों– जैसे सूरज, दीपक, कबूतर, बाल्टी आदि पर दांव लगाने के लिए प्रेरित किया था और लॉटरी चार्ट के आधार पर निकले चिन्ह के अनुसार दांव की राशि का दस गुना तक लौटाने का लालच देकर जुआ खिलवाता था।
रेड के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, इसके बाद मुख्य आरोपी को भी अगले दिन गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे नकदी, एक प्लास्टिक चार्ट जिस पर 12 चिन्ह का एक चार्ट, जिस पर नीले व जामुनी रंग की लॉटरी पर्चियां लगी थी। साथ ही इनसे दो वारयलैस सेट भी मिले हैं जिसकी रेंज 500 मीटर तक है। ये अपनी टीम के एक शख्स को बाहर वायरलेस सैट के साथ खड़ा कर देते थे ताकि अगर पुलिस आती है तो वे पहले ही सतर्क हो जाए। इसलिए पुलिस ने मुख्य रास्ता न चुनकर अलग से दूसरे रास्ते से जाकर इनको दबोचा है। पंचकूला डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने बताया कि मानव कॉलोनी, सकेतड़ी की झुग्गियों में रंग-बिरंगे चार्ट व लॉटरी पर्चियों के माध्यम से जुए का संचालन किया जा रहा है।
डीसीपी क्राइम अमित दहिया द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मनसा देवी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बच्चू सिंह को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर गुप्त सूचना के आधार पर मानव कॉलोनी की झुग्गियों में दबिश दी थी।