संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय के पशु चिकित्सा छात्र संघ की हड़ताल रविवार को 18वें दिन भी जारी रही। प्रशिक्षुओं ने विश्वविद्यालय के पशु चिकित्सा अस्पताल में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन जारी रखा। 13 अक्तूबर से गडवासू इंटर्न ओपीडी सेवाएं भी ठप कर देंगे।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले सप्ताह प्रमुख सचिव (वित्त) के साथ बैठक के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। शनिवार को कुलपति कार्यालय में ओपीडी स्थगित करने के संबंध में पूर्व सूचना सहित एक आधिकारिक पत्र प्रस्तुत किया गया है।
छात्रों की मुख्य मांग प्रशिक्षुओं के वजीफे को 15,000 से बढ़ाकर 24,310 करने की है। छात्रों ने बताया कि पड़ोसी राज्यों में वजीफे काफी अधिक हैं। उन्होंने कहा कि वजीफे का वित्तपोषण विश्वविद्यालय और आईसीएआर द्वारा किया जाता है। पंजाब सरकार इसमें योगदान नहीं देती। छात्रों ने आगाह किया कि अगर जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और तेज हो सकता है।