पंचकूला। बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए टिकट की बुकिंग के नाम पर साइबर ठग ने सेक्टर-8 निवासी व्यक्ति से 1.03 लाख रुपये की ठगी की है। साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साहिल गुप्ता निवासी सेक्टर-8 ने बताया कि दो मार्च को वह ब्रदीनाथ, केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर की बुकिंग के लिए अपने मोबाइल से गूगल पर सर्च कर रहे थे। तभी उनको एक वेबसाइट हेलीकॉप्टर बुकिंग डाॅट ओआरजी की मिली। इसमें दिए कॉन्टैक्ट नंबर के व्हाट्सएप लिंक पर क्लिक करने पर अपने आप व्हाट्सअप नंबर से कनेक्ट हो गया। साहिल गुप्ता ने बताया कि जब उन्होंने हेलीकाॅप्टर बुकिंग के बारे में जानकारी मांगी तो सामने वाले साइबर ठग ने जाने वाले आदमी के बारे में पूछा। इस पर पर साहिल ने बताया कि 12 लोग जाएंगे। इस पर उसने दस फीसदी डिस्काउंट के साथ आने जाने का 2.06 लाख कुल खर्च बताया। टिकट बुकिंग के लिए साहिल गुप्ता ने आधे पैसे की साइबर ठग ने मांग की। इस पर उन्होंने एडवांस में 1.03 लाख रुपये साइबर ठग को ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद वह टिकट बुक करने में आनाकानी करने लगा। इस पर साहिल गुप्ता ने साइबर ठग से अपने पैसे वापस मांगे। इस पर उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद उन्हें अपने साथ साइबर ठगी का अहसास हुआ। उन्हाेंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।