पंचकूला। टेलीग्राम ग्रुप जॉइन करवाकर साइबर ठग ने एक व्यक्ति से कमीशन देने के नाम पर 1.39 लाख रुपये ठग लिए हैं। इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अमरजीत सिंह निवासी गांव बुढ़नपुर ने बताया कि वह सिविल अस्पताल में ऑपरेटर हैं। पांच जनवरी को साइबर ठग ने उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जॉइन करवाया था। इसके बाद उसने कहा कि हमारे ग्रुप में निवेश करने पर कमीशन मिलता है। इस पर उन्हें पहले ग्रुप से जुड़ने के नाम पर 180 रुपये ऑनलाइन भेज दिए। इसके बाद उन्हें ज्यादा कमीशन का लालच देकर टॉस्क में फंसाया और 1.39 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद पैसे निवेश करने का कमीशन 2.31 लाख रुपये बना था। इसके बाद उन्होंने कमीशन के पैसे मांगे तो इसके लिए साइबर ठग ने उनसे 70 हजार रुपये और ट्रांसफर करने के लिए कहा। यह सुनकर उन्हें अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-20 के साइबर थाने में शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।