पंचकूला। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2021 को लेकर लघु सचिवालय के सभागार में बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त महावीर कौशिक ने की। बैठक में उपायुक्त ने 18 दिसंबर को होने वाली परीक्षा में ड्यूटी देने वाले ड्यूटी मजिस्ट्रेट, शिक्षा विभाग के अधिकारियों व अन्य अधिकारियों को उचित निर्देश दिए। इस दौरान हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के अधीक्षक धर्मपाल भी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने कहा कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा पारदर्शी तरीके से पूरा करवाना हम सभी का कर्तव्य है। इसके लिए जिला के चार शिक्षण संस्थानों का चयन किया गया है, जिसमें डीसी मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-7, एमआरए मॉडर्न पब्लिक स्कूल सेक्टर-7, डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल बीसीडब्ल्यू सूरजपुर, जैनेन्द्र पब्लिक स्कूल सेक्टर-1 शामिल है।
उन्होंने बताया कि इन परीक्षा केंद्रों में पीजीटी लेक्चरर (लेवल-3) की परीक्षा शनिवार सायं 3.00 बजे से 5.30 बजे से होगी और रविवार को परीक्षा सुबह और शाम दो शिफ्टोें में होगी। सुबह 10.00 से 12.30 बजे टीजीटी (लेवल-2) और सायं 3.00 से 5.30 बजे से प्राइमरी अध्यापक (लेवल-1) परीक्षा का आयोजन करवाया जाएगा। इस मौके पर एसीपी उमेद सिंह डिप्टी डीईओ अंजु ग्रोवर, जिला साईंस स्पेशलिस्ट सुनिता मलिक, प्रिंसीपल महेन्द्र चौहान, प्रिसीपल पिंजौर अनिल दलाल, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के सहायक गणेश सैनी सहित चारो परीक्षा केन्द्रों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
अमरेंद्र सिंह नोडल अधिकारी नियुक्त
उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2021 को सफल बनाने के लिए सचिव, प्रादेशिक परिवहन पंचकूला अमरेंद्र सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। दीपक सुहाग सचिव मार्केट कमेटी बरवाला को आरक्षित अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी पंचकूला उर्मिला देवी को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के सुचारु रूप से संचालन के लिए संयोजक नियुक्त किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी सभी शैक्षणिक संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करके परीक्षा को सफल रूप से संपन्न करवाना सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा को सफल बनाने के लिए परीक्षा केंद्रों पर चार उड़न दस्ता अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विरेन्द्र पुनिया, जिला बागवानी अधिकारी अशोक कौशिक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक सुरेन्द्र यादव तथा पशुपालन विभाग के उप निदेशक अनिल भनवाला को उड़नदस्ता अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सभी परीक्षा केंद्रों के आस-पास धारा 144 लागू
उपायुक्त ने निर्देश देते हुए कहा कि कोषा अधिकारी पंचकूला को प्रश्न पत्रों के सील बंद पैकेटों व ट्रंकों को खजाना कार्यालय के डबल लॉक में रखने और प्रश्न पत्रों के सील बंद पैकेटों को निकालना सुनिश्चित करेंगे। पुलिस उपायुक्त पंचकूला खजाना कार्यालय की सुरक्षा और सभी परीक्षा केंद्रों पर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तथा महिला कांस्टेबल की तैनाती करेंगे। परीक्षा के दिन सभी परीक्षा केंद्रों के आस-पास 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लगा दी जाएगी और परीक्षा केन्द्रों के समीप सभी फोटोस्टेट की दुकानों को बंद करने के आदेश दिए हैं।