चंडीगढ़। पंजाब में श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में साल भर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संदर्भ में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में पंजाब कैबिनेट की सब कमेटी ने शुक्रवार को रोडमैप तैयार कर लिया है। बैठक में वाराणसी, फरीदकोट, जम्मू और बठिंडा से चार विशाल शोभायात्राएं निकालने का निर्णय किया है जो गुरु जी के पवित्र तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब में नतमस्तक होंगी।
बैठक के दौरान वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा, कैबिनेट मंत्री डाॅ. रवजोत सिंह, कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद, पर्यटन विभाग के सलाहकार दीपक बाली समेत अन्य ने कार्यक्रमों के प्रबंधों के बारे में विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य इस ऐतिहासिक मौके को ऐसे स्तर पर मनाना है जो समाज पर श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं के गहरे प्रभाव को दर्शाता है। पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालुओं को वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास जी के जन्म स्थान मंदिर के दर्शनों के लिए तीर्थ यात्राओं की सुविधा देने का भी फैसला लिया गया।
राज्य के स्कूलों, काॅलेजों और यूनिवर्सिटियों में श्री गुरु रविदास जी के जीवन और शिक्षाओं पर सेमिनार करवाने की मंजूरी दी गई। हर जिले में ड्रोन शो और गांवों में डाक्यूमेंट्री फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी।
कैबिनेट सब समिति ने 650वीं शताब्दी को समर्पित हर जिले में 6.5 लाख पौधे लगाने की मुहिम शुरू करने के बारे में विचार विमर्श किया। रक्तदान कैंप, मैराथन, साइकिल रैलियां और विशाल कीर्तन समागम भी करवाए जाएंगे।