पंचकूला। शहर को स्वच्छ और हराभरा बनाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने मंगलवार को मनसा देवी कांप्लेक्स सेक्टर-1 से राजीव-इंदिरा कॉलोनी तक नाला परिसर के सौंदर्यीकरण और पौधरोपण कार्य का शिलान्यास किया। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा करीब चार करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा किया जाएगा। इस कार्य को छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सौंदर्यीकरण की दृष्टि से नाले के साथ-साथ 100 बैंच, 651 अशोक और नीम के पेड़, 648 पलमेरिया और आम के पेड़, 2598 शरबस लगाए जाएंगे। इसके अलावा 3.25 एकड़ पर ग्रासी लॉन बनाया जाएगा।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि एमडीसी सेक्टर-1 और 4 के नागरिकों की बहुत पुरानी मांग थी। उन्होंने कहा कि यहां से गुजरने वाले प्राकृतिक नाले की वजह से लोगों को गंदगी और घासफूस के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या का समाधान कर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण करीब चार करोड़ रुपये की लागत से चार किलोमीटर स्ट्रैच के सौंदर्यीकरण के लिए अशोक और नीम के पेड़ और अन्य पौधे इस नाले के बर्म के ऊपर और फुटपाथ के आसपास लगाएगी।
मोरनी में 20 से शुरू होगी पैराग्लाइडिंग
ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि वह मोरनी को टूरिस्ट हब बनाना चाहते हैं। इस दिशा में 20 जून को मुख्यमंत्री मोरनी में ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग व हॉटबैलून का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर नगर मेयर कुलभूषण गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय शर्मा, एचएसवीपी के प्रशासक धर्मेंद्र सिंह, अधीक्षक अभियंता संजीव चोपड़ा, चीफ इंजीनियर योगेश मोहन मेहता, कार्यकारी अभियंता एनके पायल, कार्यकारी अभियंता निधि भारद्वाज, जिला महामंत्री वीरेंद्र राणा, जिला उपाध्यक्ष उमेश सूद, जिला महासचिव परमजीत कौर, माता मनसा देवी मंडलाध्यक्ष युवराज कौशिक, प्रमोद वत्स, जिला सचिव सुरेंद्र मनचंदा, युवा महामंत्री अमरेंद्र व अछर सिंह, युवा मोर्चा सचिव बिंद्र गुर्जर, सेक्टर-4 के पार्षद सुरेश वर्मा व भाजपा के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।