पंचकूला का वन क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण की शुद्धता के लिए वन विभाग ने इस मानसून में 16 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। इनमें से ज्यादातर पौधे छायादार और कुछ फलदार भी होंगे। विभाग ने तैयारी कर कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी है। जिले में फिलहाल 175 वर्ग किलोमीटर का वन क्षेत्र है। विभाग इसे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। मानसून में हर साल वन विभाग पौधरोपण अभियान चलाता है। इस पौधरोपण का उद्देश्य वन क्षेत्र को बढ़ाना और पर्यावरण को बेहतर बनाना होता है। हाल ही में पौधरोपण के संबंध में अधिकारियों की बैठक हुई। इसको लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
किसानों का भी लिया जाएगा सहयोग
जिले के वन क्षेत्र को बढ़ाने के लिए विभाग किसानों का भी सहयोग लेगा। 16 लाख में से करीब 2.75 लाख पौधे किसानों के खेतों में ही लगाए जाएंगे। इस पौधों की देखरेख और उनकी जरूरत के संबंध में विभाग के कर्मचारी उनको जानकारी भी देंगे। पौधों से पेड़ बनने की प्रक्रिया के लिए जरूरी बातों के बारे में किसानों को अवगत कराया जाएगा।
3.65 लाख पौधे किए जाएंगे वितरित
वन विभाग की तरफ से सड़कों के बीच, सरकारी विभाग और वन्य क्षेत्र में लगभग 10 लाख पौधे लगाए जाने हैं। इसके अलावा 3.65 लाख पौधे गांवों और विभिन्न संस्थाओं को वितरित किए जाएंगे। ये पौधे लोग अपने घरों या संस्थानों में लगा सकेंगे। इससे रिहायशी क्षेत्रों में हरियाली बढ़ सकेगी।
इस बार 20 फीसदी कम रखा है लक्ष्य
वन विभाग ने इस बार जिले में पौधरोपण का लक्ष्य पिछले साल से 20 फीसदी कम रखा है। पिछली बार जिले में करीब 20 लाख पौधे लगाए गए थे। इस बार लक्ष्य को कम करके 16 लाख किया गया है। यह लक्ष्य सरकार द्वारा निर्धारित किया जाता है। यह इस बात पर भी निर्भर किया जाता है कि विभिन्न विकास परियोजनाओं में जिले में कितने पेड़ काटे गए हैं।
जिले में लगभग 16 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य इस बार रखा गया है। इसको लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। बारिश का मौसम रहते यह लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। - भूपेंद्र सिंह राघव, डीएफओ, पंचकूला।