कोरिया में जुलाई माह में हुए आईएसएफ वर्ल्ड कप में अंजुम मोदगिल ने बेहतर प्रदर्शन किया था। इसी के साथ वे वर्ल्ड रैंकिंग में 3250 अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई हैं। इस मुकाम को हासिल करने पर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अंजुम मोदगिल को सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर उनके परिवार में खुशी का माहौल है।
अंजुम मोदगिल के पिता सुदर्शन मोदगिल और मां शुभ मोदगिल ने कहा कि यह परिवार के लिए बड़े गर्व की बात है कि बेटी लगातार कड़ी मेहनत से आगे बढ़ रही है। आईएसएफ वर्ल्ड कप में अंजुम मोदगिल ने दो कास्य पदक हासिल किए थे। उन्होंने वुमन 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन के टीमें इवेंट और वुमन 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन के एकल वर्ग में ये पदक जीते थे।
इससे अंजुम मोदगिल की वर्ल्ड रैंकिंग में उछाल आया। वह अब 50 मीटर थ्री पोजीशन वुमन में 3250 अंक के साथ शीर्ष स्थान पर काबिज हो गई हैं। अंजुम इन दिनों आगामी वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए दिल्ली में आयोजित भारतीय केंप मे तैयारियों में जुटी हुई हैं। इस दौरान वह खेल मंत्री से दिल्ली स्थित उनके दफ्तर में मिलीं। अंजुम मोदिगल का परिवार सेक्टर- 37 में रहता है। शूटिंग में शहर की पहली ओलंपियन खिलाड़ी का दर्जा अंजुम मोदगिल के नाम है।