सीसीटीवी फुटेज कब्जे में, नामजद लोगों से भी जल्द होगी पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-4 में ज्वेलर रजत खन्ना आत्महत्या मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले में बरामद सुसाइड नोट की लिखावट की पुष्टि के लिए उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के घर और दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। इसके अलावा परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट की जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या से पहले की परिस्थितियों और संभावित कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में एफआईआर में नामजद व्यक्तियों को भी जल्द पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। उनके बयान दर्ज करने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों और तकनीकी तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि 28 मई की दोपहर करीब 1:30 बजे सेक्टर-4 निवासी एवं रजत ज्वेलर्स के संचालक रजत खन्ना ने अपने घर की पहली मंजिल पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले के बाद से पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।