पिंजौर। ब्राह्मण सभा एचएमटी पिंजौर कालका ने पिंजौर सुखोमाजरी बाईपास पर रेलवे अंडरपास बनाने के लिए सात दिन तक ट्रेनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की है। डीजीएम उत्तर रेलवे अंबाला डिवीजन को पत्र लिखकर सुरक्षा के मद्देनजर ऐसा करने की मांग की है। शमशेर शर्मा प्रधान ब्राह्मण सभा एचएमटी पिंजौर कालका ने बताया कि पिंजौर में ट्रैफिक जाम की समस्या के मद्देनजर लोगों की मांग पर सूरजपुर सुखोमाजरी बाईपास का शिलान्यास केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। इस बाईपास का निर्माण करीब 80 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। इस बाईपास पर रेलवे लाइन है, जिस पर रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण होना है। इस अंडरब्रिज के निर्माण के बाद ही इस बाईपास पर वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित हो पाएगी। शमशेर शर्मा ने बताया कि रेलवे अंडरब्रिज के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर सात दिन तक ट्रेनों का आवागमन इस ट्रैक पर बंद करके काम करने की परमिशन दी जाए क्योंकि ट्रैक पर ट्रेन की आवाजाही जारी रही तो सेफ्टी के हिसाब से रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि इस बाईपास के निर्माण से पिंजौर कालका के लोगों को जाम से निजात मिल सकेगी। इसके अलावा पिंजौर के साथ लगते औद्योगिक क्षेत्र बद्दी, बरोटीवाला और नालागढ़ से हजारों वाहन पिंजौर के तंग बाजार से गुजरते हैं, इससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जाम लगता है। उन्होंने डीजीएम से मांग की है कि एक सप्ताह तक ट्रेन की आवाजाही पर रोक लगाकर अंडरपास बनाकर लोगों की परेशानी को दूर किया जाए।