अस्पताल प्रशासन ने दोनों ओर ताले लगाए, भविष्य में निगरानी बढ़ाने की तैयारी
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल में सर्वर रूम की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। अब रात के समय सर्वर रूम को खुला नहीं छोड़ा जाएगा, बल्कि दोनों ओर से ताले लगाकर सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। यह कदम भविष्य में किसी भी चोरी या तकनीकी नुकसान को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।
चोर ने बैटरियों की कनेक्टर वायर चोरी की
जानकारी के अनुसार, पहले सर्वर रूम रात में खुला रहता था। इसका फायदा उठाते हुए बुधवार रात करीब 8 बजे अज्ञात चोर ने सर्वर से जुड़ी बैटरियों की कनेक्टर वायर चोरी कर ली। घटना के समय रूम में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। चोरी के कारण अस्पताल की सर्वर व्यवस्था प्रभावित हुई और तकनीकी दिक्कतें सामने आईं।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि चोरी हुई तारें सामान्य बाजार में उपलब्ध नहीं होतीं, इसलिए उन्हें विशेष रूप से तैयार करवाना पड़ा। वीरवार रात सर्वर को दोबारा चालू किया गया और सभी सेवाएं सामान्य हुईं। शुक्रवार से ब्लॉक ए, बी और सी में ओपीडी कार्ड सेवाएं भी शुरू हो गईं।
अस्पताल के प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर आरएस चौहान ने कहा कि सर्वर अस्पताल की महत्वपूर्ण सेवाओं से जुड़ा है इसलिए इसकी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।