बरवाला। कस्बा बरवाला व देहात के गांवों में मंगलवार को महर्षि वाल्मीकि की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर महर्षि भगवान वाल्मीकि जी के मंदिरों में वाल्मीकि सभाओं के द्वारा हवन यज्ञ के साथ ध्वजारोहण किया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। वहीं कस्बा बरवाला में वाल्मीकि सभा की ओर से बैंड-बाजे व ढोल नगाड़ों के साथ विशाल शोभायात्रा निकली गई। इस दौरान भगवान शिव की बारात, मां काली का विराट रूप, लव-कुश, राधा-कृष्ण, आदि देवी-देवताओं की झांकी निकाली गई। इसके अलावा देहात के गांव भरेली, नयागांव, जलौली, कामी, नगल, अलीपुर, खटौली, बतौड़, रतेवाली सहित कई गांवों के मंदिरों में भी महर्षि वाल्मीकि जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।