- स्कूलों में फुल ड्रेस कोड भी लागू करेंगे, सुबह प्रार्थना में किया जा रहा जागरूक
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जिले में बढ़ते डेंगू के मामलों को देखते हुए पंचकूला स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरे जिले में पांच नए वार्ड बनाए बनाए गए हैं। इस बार डेंगू के मामलों में चालीस फीसदी केस बच्चों से संबंधित आए हैं।
इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से बच्चों के लिए फुल ड्रेस कोड लागू किया जाए। वहीं स्कूलों में दवा के छिड़काव का प्लान भी बनाया गया है। इसके अलावा बच्चों को प्रार्थना सभा में जागरूक किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पंचकूला जिले में अब तक डेंगू के 25 नए मामले सामने आए हैं। इनमें नौ बच्चे स्कूलों के डेंगू की चपेट में आए हैं। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार समीक्षा बैठक भी की थी। इसमें स्कूलों में फॉगिंग करवाने की योजना बनाई गई, ताकि पढ़ाई के समय बच्चों को डेंगू की चपेट में आने से बचाया जा सके।
बच्चों के लिए फुल ड्रेस कोड लागू करने को लेकर भी जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा है। हालांकि अभी तक इसे भी लागू नहीं किया गया है। इस कारण बच्चों में डेंगू होने का खतरा अधिक बना हुआ है। प्रार्थना सभा में अभी तक जागरूकता अभियान की शुरूआत भी नहीं हुई है।
यहां-यहां बनाए गए डेंगू के पांच वार्ड
पंचकूला जिले में डेंगू के पांच वार्ड बनाए गए हैं। इसमें एक वार्ड इमरजेंसी और अस्पताल के दूसरी मंजिल की बिल्डिंग में एक वार्ड बनाया गया है। इन दोनों वार्डों की क्षमता 50 बेड की है। कालका, पिंजौर, नानकपुर में दस दस बेड के वार्ड बनाए गए हैं। यहां पर सेंसटिव जोन में ब्रीडर चेकर से दोबारा सर्वे करवाया जा रहा है। अब तक विभाग की ओर से 1650 लोगों को नोटिस दिया जा चुका है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से लोगों के टेस्ट के साथ दवाएं भी दी जा रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच वार्ड बनाए गए हैं। फॉगिंग के लिए नगर निगम को और फुल ड्रेस कोड के लिए शिक्षा विभाग को पत्र लिखा गया है। डेंगू से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। -डॉ. मुक्ता कुमार, सीएमओ, पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6