पंचकूला। उत्तर भारत में सर्दियों के मौसम में घने कोहरे और धुंध को देखते हुए रेलवे ने इस बार पहले से ही बड़ा निर्णय लिया है। दिसंबर 2025 से लेकर फरवरी 2026 तक चंडीगढ़ से चलने वाली ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द करने का निर्णय लिया है। इनमें कालका-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, डिब्रूगढ़ सहित पांच ट्रेनें शामिल हैं।
अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार ने जानकारी दी कि घने कोहरे के चलते ट्रेनें दो से तीन महीने तक नहीं चलेंगी। हर सोमवार और शुक्रवार को चलने वाली गाड़ी संख्या 15903 डिब्रूगढ़–चंडीगढ़ एक्सप्रेस 1 दिसंबर से 27 फरवरी तक रद्द रहेगी। इसी प्रकार बुधवार और रविवार को संचालित गाड़ी संख्या-15904 चंडीगढ़–डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस 3 दिसंबर से 1 मार्च तक बंद रहेगी।
इसके अलावा चंडीगढ़–अमृतसर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 14541 और 14542) को 1 दिसंबर 2025 से 1 मार्च तक स्थगित किया गया है। कालका से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा जाने वाली एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 14503 और 14504) सेवा 2 दिसंबर से 28 फरवरी तक बंद रहेगी। वहीं, चंडीगढ़–फिरोजपुर एक्सप्रेस (14629 और 14630) भी 1 दिसंबर से 1 मार्च तक नहीं चलेगी।