पंचकूला। रात को एयरगन से गोली चलाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने रविवार को कोर्ट में पेश किया। इसमें पैर में चोट लगने लगने के कारण आरोपी राहुल को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इसके अलावा दूसरे आरोपी संदीप को पुलिस ने रिमांड पर लिया है। दोनों आरोपियों की पहचान संदीप और राहुल बापूधाम कॉलोनी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों से क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने रात को भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन और टेबलेट बरामद किए थे। पुलिस संदीप को पूछताछ के लिए नजीबाबाद लेकर जाएगी। गौरतलब है कि अमर उजाला ने नशे के खिलाफ अभियान छेड़ा है। इसी के मद्देनजर पुलिस नशा तस्करों और नशेड़ियों से सख्ती से निपट रही है।
आरोपी 170 में इंजेक्शन खरीदकर लाते थे
पुलिस के अनुसार, आरोपी संदीप और राहुल उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद स्थित एक दवाई की दुकान से नशीले इंजेक्शन 170 रुपये में खरीदकर लाते थे। पंचकूला और चंडीगढ़ में 250 से 300 रुपये में बेचते थे। आरोपी खुद भी नशीले इंजेक्शन लगाते हैं। जिस रात आरोपी गिरफ्तार किए गए उस रात भी आरोपी नशे में थे। पुलिस अब इंजेक्शन और टेबलेट बेचने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार करेगी। आरोपी संदीप पर चंडीगढ़ में पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह था मामला
शुक्रवार की रात क्राइम ब्रांच की टीम अलीपुर के पास गश्त कर रही थी। रात करीब तीन बजे एक बाइक पर दो लोग पंचकूला आ रहे थे। दोनों पुलिस को गाड़ी को क्रास कर तेजी से आ रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस की टीम पर एयरगन से दो फायर कर दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की बाइक के टायर पर फायर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।