संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। जालंधर के बस्ती एरिया कोट किशन चंद मोहल्ले में शुक्रवार देर रात एक मकान में बने स्पोर्ट्स सामान के गोदाम में आग लग गई। मोहल्ले की संकरी गलियां होने के बावजूद दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।
फिलहाल आग लगने का कारण पटाखों की चिंगारी माना जा रहा है। घटना में कोई जनहानि तो नहीं हुई है, लेकिन गोदाम में पड़ा काफी सामान जल गया, जिससे परिवार को काफी नुकसान हुआ है। वहीं, गोदाम से काफी सामान बाहर भी निकाला गया। संकरी गली में आग लगने के कारण आसपास के मोहल्लावासी शुक्रवार देर रात सड़कों पर निकल आए। रात करीब पौने एक बजे घटना की सूचना दमकल विभाग के अधिकारी को दी गई। इसके बाद एक के बाद एक करीब पांच गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल विभाग के अधिकारी राजेंद्र ने कहा कि घटनास्थल की जांच की गई। जल्द ही पूरी घटना की जानकारी कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को दी जाएगी।