पंचकूला। उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने निर्देश दिए हैं कि सभी माइनिंग जोन में बाउंड्री पिलर त्काल लगाए जाएं। साथ ही अवैध खनन को रोकने के लिए लगाए गए नाकों पर डयूटी से नदारद मिलने वाले कर्मचारियों पर केस दर्ज करवाया जाएगा। उपायुक्त ने वीरवार को लघु सचिवालय में जिला स्तरीय टास्क फोर्स (माइनिंग) की अध्यक्षता करते हुए ये निर्देश दिए। इस अवसर पर कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा भी मौजूद रहीं।
नाकों पर तैनात कर्मचारी की विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप में गूगल लोकेशन सुनिश्चित होगी
पंचकूला और कालका के एसडीएम द्वारा बीते माह के दौरान नाकों पर मिली अव्यवस्था के बारे में बताए जाने पर उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने कड़ा संज्ञान लेते हुए कहा कि अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिफ्ट मेंं नाकों पर तैनात कर्मचारी विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप में गूगल लोकेशन सहित फोटो डालना सुनिश्चित करेंगे।
माइनिंग जोन में लगाए बाउंड्री पिलर
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बैठक में निर्देश दिए कि प्रत्येक माइनिंग जोन में बाउंड्री पिलर लगे होने चाहिए। यदि किसी जोन में बाउंड्री पिलर नहीं लगे हैं तो वहां पर जल्द से जल्द बाउंड्री पिलर लगाए जाएं। साथ ही उन्होंने खनन अधिकारी को इस संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
नाकों पर हो उचित व्यवस्था
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने कहा कि नाकों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग करवाई जाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नाकों पर छतरी, कुर्सी आदि की भी व्यवस्था करवाई जाए ताकि धूप या बारिश के समय पर कर्मचारियों को डयूटी करने में कोई समस्या न आए। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, एसडीएम पंचकूला चंद्रकांत कटारिया, एसडीएम कालका संयम गर्ग, डीडीपीओ विशाल पराशर, जिला वन अधिकारी, खनन अधिकारी गुरजीत सिहं, प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।