पंचकूला। सेक्टर-14 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में वित्तीय कामकाज की जिम्मेदारी अब एसोसिएट प्रोफेसर अतुल खुल्लर संभालेंगे। उच्चतर शिक्षा विभाग के महानिदेशक ने 28 सितंबर को आदेश जारी कर उन्हें आहरण एवं वितरण अधिकारी की शक्तियां सौंप दी हैं। अतुल खुल्लर महाविद्यालय में लोक प्रशासन विषय के एसोसिएट प्रोफेसर हैं। उन्हें यह जिम्मेदारी एक अक्तूबर 2026 से प्रभावी होगी। आदेश के मुताबिक वह अपने वर्तमान कार्यों के साथ यह अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेंगे। यह व्यवस्था अगले आदेश तक या नियमित अधिकारी के पदभार संभालने तक जारी रहेगी।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने वित्तीय नियमों के तहत यह आदेश जारी किया है। इसकी प्रतियां प्रधान महालेखाकार, संबंधित कोषाधिकारी और महाविद्यालय के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं। विभाग के प्रबंधन सूचना प्रणाली पोर्टल पर भी आदेश अपलोड किया जाएगा।