नौवीं से बारहवीं तक की छात्राओं को हफ्ते में चार दिन पोषण आहार, 48 स्कूलों में शुरू होगी पहल
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जिले के स्कूलों में छात्राओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए 20 अप्रैल से फ्लेवर्ड दूध और प्रोटीन मिल्क बार देने की योजना शुरू की जा रही है। शिक्षा विभाग की इस पहल के तहत नौवीं से बारहवीं कक्षा की छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी संध्या मलिक ने बताया कि छात्राओं की संख्या का निर्धारण पिछले सत्र के आधार पर किया जाएगा। कक्षा आठ की छात्राओं की संख्या को नौवीं के लिए आधार माना जाएगा, जबकि अन्य कक्षाओं के लिए भी इसी तरह गणना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 11वीं कक्षा की संख्या दसवीं के परिणाम और नए दाखिलों के बाद तय की जाएगी। यह योजना छात्राओं के पोषण स्तर को सुधारने के साथ उनकी उपस्थिति और सीखने की क्षमता पर भी सकारात्मक प्रभाव डालेगी।
हफ्ते में चार दिन मिलेगा लाभ
इस योजना के तहत सोमवार से वीरवार तक सप्ताह में चार दिन छात्राओं को पोषण आहार दिया जाएगा। यह पहल पंचकूला के साथ कालका, पिंजौर, मोरनी और रायपुररानी के 48 स्कूलों में लागू की जाएगी। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस योजना से छात्राओं के संपूर्ण विकास को बढ़ावा मिलेगा और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकेगा।