रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत, डिजिटल डेटा से बड़े खुलासों की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। नगर निगम के करोड़ों रुपये के एफडी घोटाले में एसीबी ने आरोपी दिलीप राघव से रिमांड के दौरान अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। रिमांड अवधि पूरी होने पर सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जांच के दौरान एसीबी टीम ने आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी कर एक लैपटॉप, हार्ड डिस्क और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए। इन सभी को सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का मानना है कि इनसे वित्तीय लेनदेन और गड़बड़ियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जिसमें दो सिम कार्ड मिले हैं। मोबाइल डेटा की जांच में संदिग्ध संपर्कों और लेनदेन की जानकारी सामने आने की संभावना है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कुछ अन्य व्यक्तियों और बैंक कर्मचारियों की भूमिका के संकेत भी दिए हैं। इसके आधार पर पुलिस अब संदिग्धों की तलाश में जुटी है। साथ ही, आरोपी द्वारा कुछ जानकारियां छिपाने की आशंका भी जताई जा रही है।
जांच एजेंसियां बरामद दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की गहन पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि फॉरेंसिक जांच के बाद मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।