बरनाला। संगरूर से आम आदमी पार्टी के लोकसभा सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेयर ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से मुलाकात की।
इस दौरान मीत हेयर ने नई दिल्ली से फिरोजपुर कैंट तक चलने वाली नई वंदे भारत रेलगाड़ी का स्टॉपेज बरनाला में करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बरनाला रेलवे स्टेशन पर इस गाड़ी के स्टॉपेज से आसपास के सैकड़ों गांवों और कस्बों को लाभ मिलेगा और वे सीधे राष्ट्रीय राजधानी से जुड़ सकेंगे।
मीत हेयर ने बताया कि रेल मंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उनकी मांग पर विचार कर बरनाला रेलवे स्टेशन पर भी गाड़ी का स्टॉपेज सुनिश्चित किया जाएगा। मीत हेयर ने कहा जब यह गाड़ी बरनाला स्टेशन पर रुकेगी, तो वे बरनाला निवासियों के साथ पहले दिन इस रेल का स्वागत करेंगे और बरनाला में स्टॉपेज सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूप से धन्यवाद प्रकट करेंगे।