चंडीगढ़। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) की अगुवाई में किसान बुधवार को चंडीगढ़ में जुटेंगे। एसकेएम ने सेक्टर-43 में किसान आंदोलन की पांचवीं वर्षगांठ पर महापंचायत बुलाई है। इस दौरान अपनी मांगों को लेकर किसानों की तरफ से केंद्र और पंजाब सरकार को मांगपत्र भेजे जाएंगे।
भारतीय किसान यूनियन लक्खोवाल के प्रधान हरिंदर सिंह लक्खोवाल ने कहा कि चंडीगढ़ में किसान आंदोलन की जीत की खुशी धूमधाम से मनाई जाएगी। साथ ही किसानों की तरफ से लंबित मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखने को लेकर भी फैसला लिया जाएगा। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी पूरी करने की केंद्र सरकार से मांग की जाएगी। साथ ही पानी के मुद्दे, पंजाब विश्वविद्यालय और चंडीगढ़ को पंजाब को सौंपने के लिए भी केंद्र को एक मांगपत्र भेजा जाएगा।
इसके अलावा पंजाब से संबंधित मांगों को लेकर सीएम भगवंत मान के नाम भी एक मांग पत्र दिया जाएगा। लक्खोवाल ने कहा कि बिजली संशोधन बिल वापस लेने की भी मांग की जाएगी। इसके अलावा एक मुक्त व्यापार समझौता को लेकर भी विरोध किया जाएगा। गन्ना किसानों का अभी तक बकाया जारी नहीं गया है जबकि पिछले काफी समय से वे यह राशि जारी करने की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय के सीनेट चुनाव भी जल्द करवाए जाने चाहिए। अगर सरकारों की तरफ से उनकी यह मांगें नहीं मानी गई तो वह आगे बढ़े संघर्ष का एलान कर देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार श्रम कानून भी लेकर आ रही है जिसका भी महापंचायत के दौरान विरोध किया जाएगा। यही कारण है कि मजदूर यूनियनों का भी इस संघर्ष में समर्थन लिया जा रहा है।