चंडीगढ़। कांग्रेस सांसद रवनीत बिट्टू पर किसानों के हमलों को लेकर आप के पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। आप प्रभारी ने कहा है कि अब किसान पंजाब में कांग्रेस के खिलाफ होने लगे हैं। किसानों के खिलाफ दिए जाने वाले बयानों को लेकर पूरे पंजाब में कांग्रेस के खिलाफ माहौल बनना शुरू हो गया है।
पार्टी मुख्यालय में सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान आप पंजाब के सह-प्रभारी राघव चड्ढा और यूथ विंग की सह-अध्यक्ष अनमोल गगन मान ने कहा कि किसान संसद में रवनीत सिंह बिट्टू का विरोध केवल इसलिए किया गया क्योंकि उन्होंने किसानों के खिलाफ बयान दिए थे। बिट्टू ने सोची समझी साजिश के तहत पहले किसानो को क्रोधित करने के लिए किसानों के खिलाफ बयान दिए और बाद में उनके साथ शामिल हुए ताकि किसान किसी तरह काबू से बाहर हो जाएं। उन्होंने कहा कि जब किसानों द्वारा उनका विरोध किया गया, तो उन्होंने आम आदमी पार्टी को दोष देना शुरू कर दिया। बिट्टू को यह समझना चाहिए कि उनका विरोध आम आदमी ने किया है, आम आदमी पार्टी ने नहीं। जब आरटीआई से कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश हो गया तो कांग्रेस नेता आप को दोषी ठहराने में लग गए हैं। इसी एजेंडे के तहत बिट्टू ने किसानों द्वारा किए गए विरोध को आप के साथ जोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि आप पहले दिन से ही किसानों के हित में बोलती आ रही है। आम आदमी पार्टी दिल्ली सीमा पर बैठे किसानों की सेवादार बनकर सेवा कर रही है और किसानों की हर संभव मदद कर रही है।