चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने गांव संधवां और कोठे गज्जन सिंह में आग लगने से गेहूं की फसल को हुए नुकसान पर दुख व्यक्त किया है। साथ ही एसडीएम कोटकपूरा को तुरंत नुकसान की रिपोर्ट भेजने और मुआवजा प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे गेहूं की फसल को आग से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। गांव संधवां में लगभग 8 एकड़ और कोठे गज्जन सिंह में करीब 10 एकड़ गेहूं की फसल आग लगने से नष्ट हो गई।
संधवां ने किसानों को कटाई पूरी होने तक पूरी सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान के कारण तेज हवाएं चलना, बिजली के शॉर्ट सर्किट या मजदूरों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली बीड़ी-सिगरेट ऐसी घटनाओं के मुख्य कारण हैं। कच्ची सड़कों के कारण मौके पर सहायता पहुंचने में देरी हो सकती है इसलिए गांव स्तर पर पहले से तैयार रहना बेहद जरूरी है।
उन्होंने किसानों को अपील की कि वह ट्रांसफॉर्मर के पास वाली गेहूं की कटाई पहले कर लें। अगर पानी की आवश्यकता न हो तो ट्रांसफॉर्मर का स्विच बंद रखें। खेतों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करें और गड्ढों में पानी जमा रखें। बड़े स्प्रे पंप तैयार रखें और उनके संपर्क नंबर साझा करें। छोटे स्प्रे पंप भी तैयार रखें और अग्निशमन यंत्र सामूहिक रूप से खरीदें।