चंडीगढ़। पंजाब में मक्की की खेती को बढ़ावा देने वाले किसानों को चंडीगढ़ में कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने सम्मानित किया। इन प्रगतिशील किसानों ने पानी की अधिक खपत वाली धान की फसल की जगह खरीफ की मक्की की खेती की ओर रुख किया है। मंत्री ने खुड्डियां ने इन्हें सम्मान देते हुए कहा कि खरीफ की मक्की पायलट प्रोजेक्ट का उद्देश्य फसली विविधता, भूमिगत जल के गिरते स्तर को रोकना, मिट्टी की सेहत में सुधार करना और किसानों की आय बढ़ाना है।
कृषि मंत्री ने बताया कि इस पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत इस साल बठिंडा, संगरूर, गुरदासपुर, जालंधर, कपूरथला और पठानकोट जिलों में मक्की को धान के लाभदायक एवं टिकाऊ विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया गया। 3,708 से अधिक प्रगतिशील किसानों ने इस पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत 11,326 एकड़ क्षेत्र को धान से हटाकर मक्की की खेती के अंतर्गत सफलतापूर्वक लाया गया।
इस मौके पर पंजाब मंडी बोर्ड के सचिव रामवीर, पीएयू के उपकुलपति डॉ. सतबीर सिंह गोसल, पीडीसी सदस्य शौकत राय, कृषि विभाग के निदेशक जसवंत सिंह तथा कृषि विभाग, पंजाब एग्रो, मार्कफेड और पनसीड के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।