पंचकूला। वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन की भव्य इमारत का काम करीब 93 फीसदी पूरा हो चुका है, लेकिन पंचकूला और चंडीगढ़ के भवनों की दूसरी मंजिलों को जोड़ने वाले एयर-कॉनकोर्स का निर्माण कार्य किसान आंदोलन के चलते बीच में लटक गया था। अब किसान आंदोलन खत्म हो चुका है और अब इसका निर्माण कार्य तेजी से होगा। इसके बाद सोमवार को इस प्रोजेक्ट को लेकर आईआरएलडीए (इंडियन रेलवे डेवलपमेंट अथॉरिटी) और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बैठक हुई। इसमें आईआरएलडीए के इंजीनियरिंग विंग ने प्लेटफार्म नंबर-1 पर एयर-कॉनकोर्स के लिए पिलर तैयार करने के लिए प्लेटफार्म बंद करने की समय सीमा का प्रस्ताव रखा गया। इसमें सुधार के लिए अंबाला डीआरएम मनदीप सिंह भाटिया ने निर्देश दिए हैं। वहीं, इस प्रस्ताव को लेकर आज भी दोबारा बैठक होनी है।
प्लेटफार्म-1 बंद करने के लिए हायर अथॉरिटी को लिखा पत्र
अंबाला मंडल के डीआरएम मनदीप सिंह भाटिया ने बताया कि वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन के एयर-कॉनकोर्स को जोड़ने के लिए प्लेटफार्म नंबर-01 बंद किया जाना है। इसके चलते शताब्दी, वंदे भारत सहित कई एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं। इसकी मंजूरी के लिए रेलवे हायर अथॉरिटी को पत्र लिखा गया है। वहां से मंजूरी मिलते ही प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया जाएगा।