रायपुररानी। रायपुररानी थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी-कोटाहा से विदेश भेजने के नाम पर एक किसान से 35 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। गढ़ी-कोटाहा के कृष्ण लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके रिश्तेदार पवन उर्फ पम्मी और संदीप बिंदु ने उनके बेटे विक्रम को अमेरिका भेजने का झूठा वादा करके 35 लाख रुपये ले लिए। न तो उन्होंने बेटे को अमेरिका भेजा और न ही पैसा वापस किया।
कृष्ण लाल के अनुसार, 15 मार्च 2023 को पवन उर्फ पम्मी उनके घर आया और दावा किया कि वह और संदीप बिन्दु मिलकर युवाओं को अमेरिका वर्क वीजा पर भेजते हैं। पम्मी ने कृष्ण लाल को आश्वासन दिया कि विक्रम का वीजा जल्द ही लग जाएगा। इसके लिए 35 लाख रुपये की रकम का इंतजाम करना होगा।
इसके लिए कृष्ण लाल ने अपनी आधी जमीन बेच दी और रिश्तेदारों से भी पैसे इकट्ठा किए। इसके बाद 5 लाख रुपये उन्होंने पवन उर्फ पम्मी को नकद दिए। कुछ दिन बाद फिर 30 लाख रुपये की राशि भी पम्मी और संदीप बिन्दु को नकद दी। कई महीनों तक विक्रम का वीजा नहीं आया और आरोपियों ने बार-बार झूठी उम्मीदें दीं। दिसम्बर 2023 में आरोपियों ने दावा किया कि विक्रम का वीजा लग चुका है और वह जल्द ही अमेरिका जाएगा।
अगस्त 2024 में विक्रम ने फोन करके बताया कि वह अमेरिका नहीं, बल्कि किसी अन्य देश में फंसा हुआ है। विक्रम ने कहा कि उसे अवैध तरीके से भेजा गया है और वहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। अप्रैल 2025 में विक्रम ने फिर कृष्ण लाल से संपर्क किया और बताया कि उसे एक अन्य देश में भेजा गया है, जहां वह बुरी परिस्थितियों का सामना कर रहा है।
जब शिकायतकर्ता ने आरोपियों से पैसे वापस मांगे, तो उन्होंने उसे 2 लाख रुपये देने की पेशकश की, लेकिन इसके बदले उसे एक हलफनामे पर हस्ताक्षर करने को कहा। कृष्ण लाल ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद 24 जून 2025 को कृष्ण लाल को आरोपियों से 2 लाख रुपये मिले। यह राशि उन्होंने हलफनामे के बदले ली, जिसमें यह शर्त रखी गई थी कि कृष्ण लाल आरोपियों के खिलाफ किसी भी कानूनी कार्रवाई से बचेंगे।
इसके बाद जुलाई 2025 में पवन उर्फ पम्मी ने कृष्ण लाल के बैंक खाते में 50,000 रुपये और जमा किए, जिससे कुल 2.5 लाख रुपये ही वापस हुए। लेकिन, 32.5 लाख रुपये की शेष राशि अभी भी कृष्ण लाल को वापस नहीं मिली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।