संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। गांव टोडा में भूमि विवाद को लेकर तीन व्यक्तियों ने एक किसान और उसके बेटे पर हमला कर दिया। हमले में दोनो घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
बलदेव सिंह निवासी टोडा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बड़ा बेटा दीपा मानसिक रूप से अस्वस्थ है, जबकि छोटा बेटा संदीप खेती करता है। उनके पास गांव के पश्चिमी हिस्से में 2 एकड़ जमीन है। 21 फरवरी को वह और उनका बेटा संदीप खेत की ओर नहीं जा सके थे। 22 फरवरी को जब वे खेत में गए तो देखा कि उनकी लगभग 3 मरले जमीन पर नींव खुदी हुई थी। खेत में लगी प्याज और गेहूं की फसल नष्ट कर दी गई थी।
जब बलदेव और उसके बेटे संदीप ने विरोध किया तो गुरदीप, कर्मसिंह और दलबीर ने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। कर्मसिंह ने बलदेव के सिर पर खुंडा मारा और दलबीर ने उसके बेटे संदीप के साथ मारपीट की। जब संदीप लहूलुहान हो गया तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही डॉयल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए रायपुररानी अस्पताल ले गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर आगामी जांच शुरू कर दी है।