प्रदेश सरकार कोरोना काल में सफाई कर्मचारियों के लिए एक सौगात लेकर आई है। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज ने कोरोना ड्यूटी के दौरान किसी भी सफाई कर्मचारी की कोरोना से मौत होने पर उसके परिवार को 20 लाख रुपये का मुआवजा राशि देने की घोषणा की है।
विज ने बताया कि हरियाणा सरकार ने पहले डॉक्टरों और पुलिस कर्मियों को मुआवजा राशि देने का ऐलान किया था जिसके तहत डॉक्टरों को 50 लाख और पुलिस कर्मियों को 30 लाख रुपये दिए जा रहे हैं। सरकार की घोषणा सफाई कर्मचारियोें को राहत देने का काम करेगी। उन्हें अपने काम को पूरे मनोबल से सिरे चढ़ाने का साहस मिलेगा।
हरियाणा के लिए 12 हजार इंजेक्शन मांगे
ब्लैक फंगस के इलाज के लिए जितने इंजेक्शन मिल सकते हैं, सरकार हासिल कर रही है। केंद्र से हरियाणा के लिए 12000 इंजेक्शन की मांग की गई है। बीमारी की गंभीरता को देखते हुए विदेशों से दवा मंगवाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
विज ने बताया कि जो इंजेक्शन मिल रहे हैं वो जरूरत के हिसाब से बहुत कम हैं। पीजीआई रोहतक के वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम को ब्लैक फंगस के लिए कोई वैकल्पिक दवा खोजने की जिम्मेदारी दी गई है ताकि जब ब्लैक फंगस के इंजेक्शन की कमी है तब तक कोई वैकल्पिक दवा मरीजों को दी जा सके।