कार्यक्रम के दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। राज्य के पुलिसकर्मियों के आश्रितों के कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बुधवार को घोषणा करते हुए कहा कि 50 पुलिसकर्मियों के परिवारों के एक-एक सदस्य को 1 नवंबर, 2020 तक राज्य सरकार की एक्स-ग्रेशिया योजना के तहत सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने यह भी घोषणा की है कि शहीद एसपीओ कप्तान सिंह के परिवार को भी शहीद कॉन्स्टेबल रविंदर सिंह के परिवार को दी जा रही एक्स-ग्रेशिया राशि के बराबर 30 लाख रुपये की अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। एसपीओ कप्तान सिंह और कांस्टेबल रविंदर सिंह दोनों ने रात्रि गश्त के दौरान असामाजिक तत्वों के हमले में अपनी जान गंवा दी थी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर बुधवार को पंचकूला की पुलिस लाइन, मोगीनंद में पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने वॉर मेमोरियल पर माल्यार्पण कर पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इस मौके पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता भी उपस्थित रहे। प्रदेश सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए एक नई एक्स ग्रेशिया योजना लागू की है। इसके तहत, यदि किसी कर्मचारी की 52 वर्ष की आयु से पहले मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी।
इससे पहले पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए डीजीपी मनोज यादव ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए हमारे बहादुर पुलिसकर्मियों की ओर से दिए गए सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस साल हरियाणा से दो सहित देश में 264 पुलिसकर्मियों को शहादत प्राप्त हुई है। राष्ट्र इन जवानों का हमेशा आभारी रहेगा। इस अवसर पर डीजीपी ने सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए राज्य पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के शहीदों के नाम भी पढ़े।
इस अवसर पर गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा, डीजीपी सतर्कता पीके अग्रवाल, डीजीपी क्राइम मोहम्मद अकील, बिजली निगमों के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक शत्रुजीत कपूर, एडीजीपी आलोक रॉय, नवदीप सिंह विर्क, एएस चावला, उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा, पुलिस आयुक्त सौरभ सिंह और नागरिक एवं पुलिस प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।