पंचकूला साइबर ठगी केस में पांचवां आरोपी गिरफ्तार, सात दिन का रिमांड
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। व्हाट्सएप के जरिए शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे का लालच देकर 16.30 लाख रुपये की ठगी के मामले में साइबर क्राइम थाना पंचकूला पुलिस ने पांचवें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुशील दत्त निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर सात दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। इससे पहले इस मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पंचकूला निवासी शिकायतकर्ता ने बताया कि सितंबर माह में उसे व्हाट्सएप के माध्यम से शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने एक लिंक भेजकर एप डाउनलोड करवाई और अलग-अलग समय पर उससे कुल 16 लाख 30 हजार रुपये की ठगी कर ली।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना पंचकूला में 20 नवंबर 2025 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह के नेतृत्व में जांच अधिकारी रविंद्र कुमार की टीम ने 20 जनवरी को पहले आरोपी अरुण कुमार निवासी गांव धमतान साहिब को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों पर 22 जनवरी को मोहम्मद राशिद, मोहम्मद आलम खां निवासी दिल्ली और जसबीर सिंह निवासी पंजाब को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद अरुण कुमार, मोहम्मद आलम खां और जसबीर सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि मोहम्मद राशिद को तीन दिन के पुलिस रिमांड के बाद 25 जनवरी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। रिमांड के दौरान ही पांचवें आरोपी सुशील दत्त की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस मामले में आगे की पूछताछ कर रही है।