पंचकूला। कोरोना संक्रमित मरीजों को डोर-टू-डोर ऑक्सीजन सिलिंडर रीफिल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए मरीज या उनके परिजनों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए एक पोर्टल ओएक्सवाईजीईएनएचआरवाई डॉट इन बनाया गया है। यह जानकारी उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने दी। उन्होंने बताया कि इस संकट के समय में मिलजुल कर काम करने की आवश्यकता है। जितना संभव हो सके सभी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति लोगों के घरों तक करनी है।
उन्होंने कहा कि इस समय बहुत से कोरोना ग्रस्त मरीज एकांतवास में हैं। इसके अलावा अन्य बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को भी निरंतर ऑक्सीजन की आवश्यकता रहती है। घर द्वार पर ऑक्सीजन सिलिंडर रीफिल करने की सुविधा शुरू होने से ऐसे मरीजों को काफी लाभ होगा। उन्हें या उनके परिजनों को सिलिंडर रीफिल लेने के लिए लाइन में खड़े होकर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने कहा कि इससे सिलिंडर की कालाबाजारी करने वालों पर भी इससे अंकुश लगेगा।
यह सुविधा शुरू होने से स्टेप डाउन कोरोना ग्रस्त मरीजों को भी एकांतवास में ऑक्सीजन की सुविधा मिलने में आसानी होगी और अस्पतालों के ऑक्सीजन बेड गंभीर कोरोना ग्रस्त मरीजों के लिए उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन सिलिंडर रीफिल की सुविधा लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल ओएक्सवाईजीईएनएचआरवाई डॉट इन पर किया जा सकता है। पोर्टल पर आवेदन करने के साथ ही उसकी प्रोसेसिंग शुरू हो जाएगी, ताकि आवेदक को जल्द से जल्द ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
दरवाजे पर ऐसे पहुंचेगा ऑक्सीजन सिलिंडर
रेडक्रॉस सोसायटी के वालंटियर्स द्वारा डोर-टू-डोर ऑक्सीजन सिलिंडर रीफिल की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके अलावा जिला प्रशासन द्वारा एनजीओ की मदद भी ली जाएगी। इस पोर्टल पर जाकर स्वयं सेवी संस्थाएं रजिस्ट्रेशन करेंगी, जिससे उनका लॉगइन बन जाएगा। जैसे ही इस पोर्टल पर जरूरतमंद मरीज ऑक्सीजन सिलिंडर के रीफिल के लिए रजिस्ट्रेशन करेगा तो उसका आवेदन स्वयंसेवी संस्था और रेडक्रॉस सोसायटी दोनों के पास रिफ्लेक्ट होगा।
रेडक्रॉस सोसायटी या स्वयंसेवी संस्था में से कोई भी उक्त आग्रह को स्वीकार करेंगी तो आवेदन करने वाले मरीज के दिए मोबाइल नंबर पर एक एसएमएस के माध्यम से सूचना पहुंच जाएगी। आवेदक को आवेदन करने के दौरान आधार नंबर और ऑक्सीजन लेवल के लिए ऑक्सीमीटर का फोटो भी अपलोड करना होगा। इसके अलावा मरीज की उम्र और पता लिखना अनिवार्य होगा। एक मोबाइल नंबर से एक दिन में एक बार ही आवेदन किया जा सकेगा।