रेल सेवा बहाल रहने से यात्रियों को राहत, रेलवे ने विभागों को रखा हाई अलर्ट पर
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल मार्ग पर रेल सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं। शनिवार को कालका-शिमला-कालका एक्सप्रेस (52451/52452) और कालका-शिमला-कालका हिम दर्शन एक्सप्रेस (52459/52460) का सफल संचालन किया गया। रेलवे ने रविवार, 30 अगस्त को भी दोनों ट्रेनों के संचालन के आदेश जारी किए हैं।
अंबाला मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक कार्यालय के अनुसार 29 और 30 अगस्त को दोनों ट्रेन सेवाओं को चलाने का निर्णय लिया गया था। इससे पहले 22 और 23 अगस्त को भी इन ट्रेनों का संचालन किया गया था।
गौरतलब है कि हाल ही में तारादेवी, कोटी और गुम्मन क्षेत्रों में भारी मलबा आने के कारण कालका-शिमला रेल यातायात प्रभावित हो गया था। सुरक्षा कारणों से कई ट्रेन सेवाएं रद्द करनी पड़ी थीं, जिससे यात्रियों को सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ा। अब ट्रेनों की बहाली से पर्यटकों और यात्रियों को राहत मिली है।
रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों के सुरक्षित संचालन को लेकर आरपीएफ, एसएंडटी, विद्युत, कमर्शियल कंट्रोल, ट्रैफिक कंट्रोल, इंजीनियरिंग और टीआरडी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।