गंभीर घायल पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। इंद्रा काॅलोनी इलाके में घर के अंदर चल रही अवैध पटाखा फैक्टरी में वीरवार दोपहर हो हुए विस्फोट में मालिक उस्मान समेत दस लोग बुरी तरह झुलस गए। इनमें उस्मान के तीन बच्चों समेत पांच बच्चे शामिल हैं। धमाके की आवाज सुन मौके पर पहुंचे लोगों ने जैसे-तैसे आग बुझाई और घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों समेत छह लोगों को पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शॉर्ट सर्किट की वजह से घर में रखे पोटाश में आ लग गई जिससे धमाका हो गया। घटनास्थल पर पहुंचे आप विधायक अशोक पराशर पप्पी ने कहा कि मामले की जांच करवाई जाएगी और आरोपी पर सख्त कार्रवाई होगी। अगर और भी अवैध फैक्टरियां पाई गईं तो उन्हें बंद करवाया जाएगा। एसडीएम लुधियाना ईस्ट जसलीन कौर भुल्लर ने कहा कि गंभीर घायलों को राजिंद्रा अस्पताल के स्पेशल बर्न केयर यूनिट में रखा गया है। अन्य का इलाज लुधियाना के सिविल अस्पताल में चल रहा है।
रावण बनाने की आड़ में बनाता था पटाखे
स्थानीय लोगों ने कहा कि फैक्टरी मालिक उस्मान रावण के पुतले बनाने का काम करता है जिसके लिए उसके पास लाइसेंस भी है। रावण के साथ ही वह पटाखे भी बनाता था जिसके लिए भारी मात्रा में पोटाश रखता था। लोगों ने कहा कि इस मामले की जांच करनी चाहिए कि किसकी शह पर यह अवैध पटाखा फैक्टरी चल रही थी।