कालका। विश्व धरोहर में शामिल कालका-शिमला रेलमार्ग के 121 वर्ष पूरे होने पर रेलवे स्टेशन कालका में शनिवार को एक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में अपने अनोखे संग्रह के लिए तीन बार लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड में नाम दर्ज करवा चुके गार्ड मेल एक्सप्रेस राज सिंह दहिया की कलेक्शन प्रदर्शित की गई। प्रदर्शनी का उद्घाटन सीनियर डीओएम अंबाला मंडल राहुल ने किया। इस मौके पर दिलीप कुमार, रामआसरे, कुलदीप कुमार, अनिल छिबड़, एके वशिष्ठ, सुखदेव सिंह, बलविन्द्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रदर्शनी में यह संग्रह था डिस्पले
प्रदर्शनी में कालका-शिमला रेलमार्ग और उस पर चलने वाली टॉय ट्रेन से संबंधित की-चेन, छह बार 786 नंबर लिखी रेलवे की रिजर्वेशन टिकट, रेलवे फर्स्ट-डे कवर, रेलवे स्टांप की फुल शीट, एमएस एवं पोस्ट कार्ड, दस के नोटों के फैंसी करंसी नंबर, दस के नोट में 786 नंबर अंकित वाले अनेक नोट, पांच शून्य वाली रेलवे कार्ड टिकट, 00786 नंबर से लेकर 99786 नंबर के रेलवे कार्ड टिकट, 1 से लेकर 100 तक के सीरीज वाइज नंबरों वाली रेलवे कार्ड टिकट, उल्टी गिनती के अनुसार 100 से लेकर 1 तक सीरीज वाइज वाली रेलवे कार्ड टिकट, रेलवे थीम माचिस बाक्स, 100 और 2 रुपये का भोलू द गार्ड कॉइन, इंडिया से चलने वाली प्रथम ट्रेन का चित्र इस प्रदर्शनी में दर्शाया गया था। राज सिंह दहिया द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी को स्टेशन पर पहुंचने वाले सैलानी निहारते दिखे। सक्षम ने बताया कि उन्हें स्टेशन पर लगाई गई प्रदर्शनी बहुत अच्छी लगी।