पंचकूला। लॉकडाउन के मद्देनजर शहर में प्रवेश करने वाले रास्तों पर पुलिस पूरी तरह चुस्त है। वह बिना चेकिंग और पूछताछ के किसी भी वाहन चालक को प्रवेश करने की अनुमति नहीं दे रही है, लेकिन शहर के अंदर तैनात पुलिस सुस्त है। यही कारण है कि लोग बिना किसी डर के घरों से बाहर निकल रहे हैं। वे लॉकडाउन के नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे में कोरोना की चेन कैसे टूटेगी यह सबसे बड़ा सवाल है। लॉकडाउन के चलते शराब के ठेके पूरी तरह बंद हैं, लेकिन चोर रास्तों से शराब की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है।
बुधवार को अमर उजाला ने शहर के कई ठेकों का जायजा लिया। इस दौरान कई ठेकों पर कारिंदे चोर रास्ते से शराब बेचते नजर आए। इसको टीम के सदस्यों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। मनसा देवी रोड स्थित ठेके तो आगे से पूरी तरह बंद था, लेकिन पीछे से शराब की बिक्री जारी थी। वहीं, कालका शिमला रोड स्थित सिंह द्वार के पास एक्साइज बैरियर से महज 20 गज की दूरी पर बिना किसी डर के शराब बिकती रही। वहीं, मनसा देवी रोड पर तो ठेके का कारिंदा रोड पर एक एक्टिवा चालक को शराब बेचते नजर आया।
सेक्टर-5 थाना प्रभारी ने करवाई परेड
लॉकडाउन के नियमों की अनदेखी कर शॉलीमार ग्राउंड के पास साइक्लिंग कर रहे लोगों को सेक्टर-5 थाना प्रभारी ललित शर्मा ने रोक लिया। उन्होंने घर से बाहर निकलने का कारण पूछा। इसका साइकिल पर सवार लोगों के पास कोई जवाब नहीं था। ऐसे में ललित शर्मा ने साइकिल चालकों को सड़क के बीच उठक-बैठक लगवाई और दोबारा घर से बाहर न निकलने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि वह दिखाई दिए तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, सेक्टर-19 चौकी प्रभारी गुलाब सिंह ने भी गश्त के दौरान बाहर दिखने वाले लोगों पर डंडे बरसाए। लोगों का कहना था कि वह ड्यूटी से घर लौट रहे थे। चौकी प्रभारी ने बिना कुछ पूछे गाड़ी से उतरते ही डंडे मारने शुरू कर दिए।