30 साल में पहली बार जलभराव के हालात, पाइपलाइन और सीवर कनेक्शन क्षतिग्रस्त होने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-19 की न्यू हाउसिंग बोर्ड सोसाइटी में जल निकासी के लिए नगर निगम द्वारा कराई जा रही खोदाई स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। लोगों का कहना है कि यहां पिछले 30 वर्षों में कभी जलभराव नहीं हुआ, लेकिन मौजूदा कार्य के चलते अब बेसमेंट तक पानी पहुंचने लगा है और गलियों में दलदल जैसी स्थिति बन गई है।
निवासियों के अनुसार नगर निगम पिछले 10 दिनों से मंदिर से मकानों तक जल निकासी पाइप डालने का काम कर रहा है। इस दौरान जेसीबी से मकानों के सामने और टी-पॉइंट पर बड़े-बड़े गड्ढे खोदे गए हैं। आरोप है कि खोदाई के दौरान पानी की पाइपलाइन और सीवर कनेक्शन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, जिससे पानी बहकर गलियों में जमा हो रहा है।
बेसमेंट में भर रहा पानी, कनेक्शन टूटने का आरोप
स्थानीय निवासी कमलेश रानी और अन्य लोगों ने बताया कि पिलर पर बने मकानों की बेसमेंट में पानी भरना शुरू हो गया है। पानी और सीवर कनेक्शनों को नुकसान पहुंचने से समस्या और बढ़ गई है। कई मकानों की बाउंड्रीवाल में लगे पानी के कनेक्शन भी प्रभावित हुए हैं। वहीं, खोदी गई मिट्टी बारिश और बहते पानी के साथ घरों तक पहुंच रही है।
30 साल में पहली बार ऐसे हालात
कमलेश ने बताया कि उन्हें यहां रहते करीब 30 वर्ष हो गए हैं, लेकिन पहले कभी जलभराव की समस्या नहीं हुई। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में खुले गड्ढे और जमा पानी लोगों के लिए खतरा बन सकते हैं। निवासियों ने कहा कि सोसाइटी के अन्य हिस्सों में पाइप डालने का काम चल रहा था, लेकिन न्यू हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में काम शुरू होते ही परेशानियां बढ़ गई हैं। लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि खोदी गई जगहों को जल्द भरा जाए, ताकि बरसात के दौरान किसी बड़े नुकसान से बचा जा सके।
अधिकारियों ने इंजीनियरिंग विंग पर डाली जिम्मेदारी
इस संबंध में नगर निगम के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार ने कहा कि वह मौजूदा स्थिति के बारे में फिलहाल कुछ नहीं कह सकते। उन्होंने बताया कि इस मामले की जानकारी इंजीनियरिंग विंग ही बेहतर दे सकती है। वहीं मेकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियर अजय कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।