चंडीगढ़। हरियाणा स्टेट टेक्निकल एजुकेशन बोर्ड व हरियाणा सरकार को नोटिस जारी कर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने परीक्षा ऑनलाइन करवाई जाएगी या ऑफलाइन, इस पर स्थिति स्पष्ट करने के आदेश दिए हैं।
याचिका दाखिल करते हुए डी फार्मेसी के छात्र प्रवीन डबास व अन्य ने एडवोकेट सुरेश कुमार कौशिक के माध्यम से परीक्षा को लेकर असमंजस की स्थिति से हाईकोर्ट को अवगत करवाया। याची ने हाईकोर्ट को बताया कि कोरोना संकट के बीच यूजीसी की विशेषज्ञ कमेटी ने सुझाव दिया था कि या तो परीक्षाएं ऑनलाइन करवाई जाएं या फिर छात्रों को प्रमोट किया जाए। इसके बाद 2 जुलाई 2021 को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली बैठक में भी इसी प्रकार का निर्णय लिया गया था। इसके बाद बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन दिल्ली ने भी छात्रों को प्रमोट करने का निर्णय लिया।
याची ने बताया कि हरियाणा स्टेट बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन ने अभी परीक्षा को लेकर स्थिति ही स्पष्ट नहीं की है। इसके चलते छात्रों ने 6 जून को मांगपत्र देकर परीक्षा ऑनलाइन लेने की मांग की थी। इस मांग पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया। इस पर बोर्ड की ओर से बताया गया कि 6 जून के मांगपत्र पर निर्णय ले लिया गया है और इसे वेबसाइट पर 14 जून को डाल दिया गया था। हालांकि परीक्षा कैसे होगी इस पर अभी तक निर्णय नहीं लिया गया है। हाईकोर्ट ने इस पर कहा कि अभी तक मांग को लेकर निर्णय नहीं लिया गया है, अगली सुनवाई पर बोर्ड परीक्षा को लेकर स्थिति स्पष्ट करे।