पंचकूला। सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में सुपर-100 के तहत नीट की परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों का अभिनंदन और विंटर एडवेंचर फेस्टिवल-2021-22 का समापन समारोह आयोजित किया गया। शनिवार को शिक्षा विभाग की तरफ से आयोजित समारोह में शिक्षामंत्री कंवरपाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने नीट उत्तीर्ण करने वाले प्रदेश के 30 बच्चों और विंटर एडवेंचर फेस्टिवल-2021-22 में भाग लेने वाले सभी जिलों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
उन्होंने सुपर-100 के संचालक नवीन मिश्रा का धन्यवाद कर कहा कि उन्हीं के परिश्रम और कड़ी मेहनत से यह संभव हो पाया है। सरकार द्वारा इस प्रकार की पहल कर सरकारी स्कूलों के बच्चों को उच्च शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा के बच्चों के लिए यह योजना शुरू की और बच्चों ने भी अपनी कड़ी मेहनत और लगन से अच्छे परिणाम लाकर हमारा हौसला बढ़ाया है। इस वर्ष सुपर-100 के तहत कोचिंग प्राप्त करने वाले प्रदेश के 62 बच्चों ने परीक्षा पास की, जिसमें से 24 बच्चे एमबीबीएस में दाखिला लेंगे। वहीं 28 बच्चे आईआईटी में दाखिला लेकर हरियाणा का गौरव बढ़ाएंगे।
साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में सुपर-100 के तहत परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली जींद निवासी बीडीएस की विद्यार्थी आरती, किरन, सुमेधा शर्मा के पिता डिंपल कुमार शर्मा, नीट की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले दीपक और विंटर एडवेंचर फेस्टिवल में भाग लेने वाले हर्ष ने भी अपने अनुभव साझा किए। इस मौके पर हरियाणा शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव महावीर सिंह, हरियाणा मौलिक शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. अंशज सिंह, हरियाणा माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक जे. गणेशन, हरियाणा माध्यमिक शिक्षा अतिरिक्त निदेशक संवर्तक सिंह, सुपर-100 के संचालक नवीन मिश्रा, एडवेंचर क्लब एससी चौधरी समेत काफी संख्या में शिक्षक और बच्चे उपस्थित रहे।
करनाल और हिसार में भी खोले जाएंगे केंद्र
शिक्षा मंत्री ने बताया कि सुपर-100 के तहत जेईई व नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पंचकूला और रेवाड़ी में स्थापित किए गए। कोचिंग केंद्रों की भांति करनाल और हिसार में भी यह केंद्र जल्द खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह निर्णय प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लिया। उन्होंने कहा कि सुपर-100 केंद्र खोलने का मुख्य उद्देश्य यही है कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों के बच्चों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ अच्छी कोचिंग देकर उनके स्तर को ऊपर उठाना है ताकि वे देश और समाज की सेवा कर सकें।
विंटर एडवेंचर कैंप से मिलेगी लीडरशिप की भावना
शिक्षामंत्री ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि विंटर एडवेंचर फेस्टिवल-2021-22 आयोजित करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है। शिक्षा विभाग द्वारा पहल कर विंटर एडवेंचर कैंप-2021-22 का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर आयोजित करने से बच्चों में लीडरशिप की भावना पैदा होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके लिए अनेक साहसिक व रोमांचक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिसमें राज्य स्तरीय विंटर एडवेंचर फेस्टिवल, पर्वतारोहण, समुद्र तटीय शैक्षणिक भ्रमण, समर व विंटर एडवेंचर कैंप, सतपुड़ा के जंगलों में साहसिक शिविर शामिल हैं।