चंडीगढ़ में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राज्य में आई भीषण बाढ़ के बाद केंद्र सरकार द्वारा राहत पैकेज न देने की आलोचना की। उन्होंने कांग्रेस पर भी अवसरवादी राजनीति का आरोप लगाया। इससे बाढ़ पीड़ितों में गहरी नाराजगी है।
चंडीगढ़। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विधानसभा के फ्लोर का इस्तेमाल करते हुए जुलाई और अगस्त में राज्यभर में आई विनाशकारी बाढ़ से निपटने में भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि 1600 करोड़ रुपये का मामूली राहत पैकेज भी अब तक पंजाब के खजाने में नहीं पहुंचा है।
चीमा ने इस मौके पर कांग्रेस पार्टी पर भी अवसरवादी राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि इस संकट के दौरान राज्य का साथ देने के बजाय, पंजाब कांग्रेस नेतृत्व भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के पक्ष में आवाज बुलंद करता रहा।
प्रधानमंत्री के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के दौरे पर हमला बोलते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री उस परिवार को ढांढस बंधाने में भी असफल रहे, जिसने अपने तीन सदस्य खो दिए और उनका दौरा महज फोटो खिंचवाने तक ही सीमित रहा।