हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा इनहांसमेंट पर सेक्टरवासियों को राहत देने के लिए लास्ट एंड फाइनल सेटलमेंट स्कीम को दोबारा लांच किया गया है। इसके तहत जिन सेक्टरों की राशि अपडेट हुई है, उनमें कुछ सेक्टरों को बड़ी राहत मिली है तो कुछ में नाममात्र छूट मिल पाई है। लेकिन इस स्कीम में बड़ी संख्या में प्लाटधारकों के खातों में गलत राशि अपडेट के मामले सामने आए हैं। इस कारण बहुत से प्लाटधारक इस सेटलमेंट स्कीम में राशि का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं।
एचएसवीपी ने स्कीम को 30 सितंबर 2022 तक लांच किया है। तय समय सीमा में प्लाटधारकों को अपडेट हुई नई डिमांड राशि का एकमुश्त भुगतान करना है लेकिन इस सेटलमेंट स्कीम के तहत जिन सेक्टरों की नई राशि अपडेट हुई है, उसमें कई प्लॉटधारकों के खातों में विभिन्न कारणों से इनहांसमेंट की गलत डिमांड राशि अपडेट हुई है।
ऑल सेक्टर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप वत्स ने कहा कि प्लॉटधारक राशि अपडेट में हुई गड़बड़ियों को ठीक करवाने के लिए एचएसवीपी के जोनल और इस्टेट ऑफिसर कार्यालयों में चक्कर लगा रहे हैं। इसके अलावा, गलत राशि अपडेट को लेकर बहुत से प्लॉटधारकों ने ऑनलाइन पोर्टल लिखित आपत्ति दर्ज कराई है, जिन पर मुख्य प्रशासक की अध्यक्षता वाली ग्रीवांश कमेटी द्वारा निर्णय लिया जाना है लेकिन स्कीम लांच होने के 17 दिन बाद भी किसी मामले पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इस कारण सेक्टरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वत्स ने इस पूरे मामले पर सीएम से हस्तक्षेप की मांग करते हुए गलत राशि अपडेट के मामलों का जल्द समाधान करने के एचएसवीपी मुख्यालय को आदेश जारी करने की मांग की।
सेटलमेंट स्कीम के तहत निम्न सेक्टरों की हुई नई राशि अपडेट
सेटलमेंट स्कीम के तहत कई सेक्टरों की नई राशि अपडेट हुई है। इनमें सोनीपत के सेक्टर- 15 पार्ट वन, 15 पार्ट टू व 23, पानीपत में सेक्टर- 29 वन व 29 पार्ट टू, फतेहाबाद का सेक्टर 11, पंचकूला का सेक्टर- 20, हांसी सेक्टर- 5 व 6 पार्ट टू, फरीदाबाद के सेक्टर- 5, 20 ए, 20 बी, 56, 56 ए, 58, 77, 78 शामिल हैं। उपरोक्त सेक्टरों के अलावा इस स्कीम में विभिन्न सेक्टरों के ऐसे शेष बचे प्लाटधारकों को भी बकाया राशि अदायगी का एक मौका और दिया गया है, जिन्होंने पूर्व में जारी किसी भी सेटलमेंट स्कीम में इनहांसमेंट राशि का भुगतान नहीं किया था।