शोरूम व दुकानों के बाहर सड़क तक फैला सामान, कार्रवाई की उठी मांगसंवाद न्यूज एजेंसीपिंजौर। पिंजौर-कालका रोड पर अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सड़क किनारे स्थित शोरूम और दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान बाहर सड़क तक फैला रखा है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अतिक्रमण के कारण ग्राहक अपने वाहन सड़क पर ही खड़े करने को मजबूर हैं, जिससे पिंजौर-कालका रोड पर आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है।
लोगों का कहना है कि कई शोरूम मालिकों ने स्थायी रूप से अपना सामान बाहर रखकर अवैध अतिक्रमण कर लिया है। यह मार्ग अधिकारियों की नियमित आवाजाही का भी है, बावजूद इसके अतिक्रमण के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। अधिकारियों की उदासीनता के चलते अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं और शहर में बिटना रोड सहित अन्य प्रमुख सड़कों पर भी जगह-जगह अतिक्रमण फैलता जा रहा है।
निवासी राजेंद्र, गगन सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पिंजौर-कालका रोड और बिटना रोड पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क पर वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
इस संबंध में नगर परिषद कालका के जेई सुभाष ने बताया कि पिंजौर-कालका रोड पीडब्ल्यूडी के अधिकार क्षेत्र में आता है और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई पीडब्ल्यूडी द्वारा की जाएगी। नगर परिषद कालका अतिक्रमण हटाने में सहयोग कर सकती है।
वहीं पीडब्ल्यूडी बीएंडआर कालका के एसडीओ राजकुमार ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। पुलिस बल उपलब्ध होते ही अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।