पंचायत विभाग ने कार्रवाई और तेज कराने का किया एलान
139818 एकड़ शामलात जमीन की अब तक हुई शिनाख्त ः धालीवाल
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग ने साल 2022 के दौरान गांवों की शामलात भूमि पर अवैध कब्जे हटाने की मुहिम के तहत 9389 एकड़ जमीन से कब्जे हटा लिए हैं। यह जानकारी विभाग के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने दी। इसके साथ ही उन्होंने अपील भी की है कि लोग अवैध कब्जे छोड़ने के लिए खुद आगे आएं ताकि पंजाब को तरक्की के राह पर ले जाया सके। इस बीच, ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग ने अवैध कब्जे हटाने की मुहिम को और तेज करने का भी फैसला लिया है।
धालीवाल ने बताया कि विभाग ने साल 2022 के दौरान शामलात जमीनों से कब्जे छुड़ाने और कब्जे वाली जमीनें ढूंढने के लिए एक शामलात भूमि सेल की स्थापना की थी। इसके जरिये ही कब्जे छुड़ाने की मुहिम भी शुरू की गई और साल भर में 9389 एकड़ से कब्जा छुड़ाया गया। शामलात भूमि सेल द्वारा गांवों की शामलात जमीनों से संबंधित सारे रिकॉर्ड की गहराई से जांच कर रही है और अब तक 153 ब्लाॅकों की शामलात जमीन का रिकाॅर्ड जांचने का काम पूरा हो चुका है। विभाग ने अब तक 139818 एकड़ जमीन की शिनाख्त की है, जिसे आने वाले समय के दौरान लोगों की भलाई के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
दिसंबर, 2022 तक पटियाला डिविजन के अधीन कुल 6206 एकड़ जमीन नाजायज कब्जे से मुक्त करवाकर पंचायतों को सौंपी गई। इसके तहत पटियाला की 1100 एकड़, लुधियाना में 808 एकड़, फतेहगढ़ साहिब में 464 एकड़, संगरूर में 194 एकड़, एसएएस नगर में 3469 एकड़, रूपनगर में 154 एकड़, बरनाला में 8 एकड़ और मालेरकोटला में 9 एकड़ जमीन नाजायज कब्जों से मुक्त करवाई गई है।
उन्होंने बताया कि फिरोजपुर डिविजन के अधीन कुल 507 एकड़ जमीन नाजायज कब्जों से मुक्त करवाई गई है। जिला फिरोजपुर की 128 एकड़, फाजिल्का में 187 एकड़, श्री मुक्तसर साहिब में 27 एकड़, मानसा में 13 एकड़, बठिंडा में 49 एकड़, मोगा में 26 एकड़ और फरीदकोट में 77 एकड़ जमीन से नाजायज कब्जे हटाए गए हैं। इसी तरह, जालंधर डिविजन के अधीन कुल 2676 एकड़ जमीन से नाजायज कब्जे हटाए गए हैं जबकि गुरदासपुर की 609 एकड़, कपूरथला 602 एकड़, अमृतसर 264 एकड़, जालंधर 239 एकड़, होशियारपुर 308 एकड़, तरनतारन 126 एकड़, एसबीएस नगर 228 एकड़ और पठानकोट में 300 एकड़ जमीन छुड़ाई गई है।