राज्यपाल के ज्वाइंट सेक्रेटरी को सौंपा ज्ञापन, पेंशन बहाली के लिए निकाली साइकिल यात्रा का भी हुआ समापन माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा पेंशन बहाली संघर्ष समिति ने पुरानी पेंशन बहाली को लेकर सेक्टर-5 धरनास्थल पर प्रदर्शन किया। पेंशन बहाली संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र धारीवाल के नेतृत्व में पेंशन संकल्प साइकिल यात्रा पंचकूला पहुंची। इसके बाद उन्होंने पुरानी पेंशन बहाली के लिए हरियाणा के राज्यपाल के ज्वाइंट सेक्रेटरी अमरजीत को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के नाम पर सरकार कर्मचारियों को गुमराह कर रही है। इसे लागू किया जाए। इस प्रदर्शन में प्रदेश के शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, शहरी विकास, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण समेत कई विभागों के कर्मचारियों ने भाग लिया।
हरियाणा पेंशन बहाली संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र धारीवाल ने कहा पेंशन संकल्प साइकिल यात्रा का शुभारंभ 2 जून को 51 कन्याओं के द्वारा मंत्रोच्चारण और हवन करके किया गया था। यह यात्रा प्रदेश के सभी जिलों और रास्ते में आने वाले सभी गांवों से होकर पंचकूला पहुंची है I उन्होंने बताया कि इस यात्रा को सभी ग्राम पंचायतों, विभिन्न खापों, विभिन्न विभागों के संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और आमजन का भरपूर समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि हमारी इस यात्रा से जन-जन में जागरूकता फैली है कि सांसद और विधायक शपथ लेते ही पेंशन के हकदार हो जाते हैं, परंतु 30 से 35 साल तक सेवा देने वाले कर्मचारी को सेवानिवृत्त होने के बाद पेंशन नहीं दी जाती है। एक जनकल्याणकारी राज्य में सरकार का संविधानिक दायित्व बनता है कि सरकार के अधीन कार्य करने वाले कर्मचारी को सेवानिवृत्त के बाद पेंशन देकर उसे सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करें I सरकार ने कर्मचारियों की पेंशन छीनकर केवल अपनी बपौती बना लिया है I नेता लोग अपने लिए समय-समय पर अपनी पेंशन बढ़ा लेते हैं, कर्मचारियों की पेंशन को खजाने पर बोझ बता देते हैं I
50 सदस्यीय दल साइकिल पर चला
इस यात्रा में 50 सदस्यीय दल ने तपती धूप में साइकिल चलाकर तप किया I इस तप के माध्यम से सरकार को चेताया कि कर्मचारी अपने हक के लिए केवल अपने शरीर को ही कष्ट नहीं, बल्कि किसी भी हद तक जा सकता है I सरकार यदि समय रहते कर्मचारियों को उनका हक नहीं देती है तो उनकी मुहिम वोट फोर ओपीएस जारी रहेगी I पेंशन बहाली संघर्ष समिति हरियाणा ने नारा दिया है कि जो पेंशन बहाल करेगा, वही देश पर राज करेगा I पंचकूला के धरनास्थल पर साइकिल यात्रियों के साथ हजारों कर्मचारी एकत्रित हुए और वोट फोर ओपीएस की शपथ भी ली। उन्होंने कहा कि अब तक नेताओं की पेंशन के लिए वोट दिया गया है लेकिन अबकी बार हम अपने परिवार की पेंशन के लिए वोट देंगेI शहर के सेक्टर-5 धरनास्थल पर पुलिस बल तैनात रहा। उन्होंने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शन में आने वाले लोगों को रोड पर रोका। कर्मचारियों ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया।