पंचकूला। सेक्टर-5 स्थित जिला मुख्यालय पर मंगलवार को सैकड़ों कर्मचारी एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने बताया कि पेंशन बहाली संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र धारीवाल पर दर्ज एफआईआर से प्रदेशभर के सरकारी कर्मचारियों में नाराजगी है।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि विजेंद्र धारीवाल लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाली (ओपीएस) की मांग को लेकर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उनके नेतृत्व में जंतर-मंतर पर हुआ धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित था। इसके बावजूद केवल अधिक भीड़ का हवाला देकर एफआईआर दर्ज की गई, जिसे कर्मचारियों ने अन्यायपूर्ण बताया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अधिक कर्मचारियों की उपस्थिति कोई अपराध नहीं बल्कि यह दर्शाती है कि पेंशन बहाली लाखों परिवारों के भविष्य का सवाल है। विभागीय प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर एफआईआर लोकतांत्रिक मूल्यों की अवमानना है और सरकार मांगें सुनने के बजाय दमनात्मक कदम उठा रही है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि एफआईआर वापस नहीं ली गई, तो प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन में विजेंद्र धारीवाल, सुभाष जांगड़ा, विनीता बांगड़, राजेश भंवरा, अमित भोंसले, हरिपाल, हरेंद्र मलिक सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।