एसडी कॉलेज में विकसित भारत-2047 के लिए जीएसटी व्यवस्था को आसान बनाने पर जोर
चंडीगढ़। सेक्टर-32 के एसडी कॉलेज में जीएसटी और कर सुधारों पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार संपन्न हुआ। इसमें विशेषज्ञों ने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य हासिल करने के लिए कर व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना जरूरी है।
सेमिनार में शिक्षाविदों, कर विशेषज्ञों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने जीएसटी व्यवस्था में सुधार, कारोबारियों की परेशानियां कम करने और कर भरने की प्रक्रिया आसान बनाने पर चर्चा की। सत्र में महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी, बद्दी के वाइस चांसलर प्रो. प्रदीप वालिया ने रोजगार, कौशल विकास, उद्योग और किसानों की आय बढ़ाने पर सरकारी खर्च करने की जरूरत बताई। पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला के प्रो. भारत भूषण सिंगला ने डिजिटल कर व्यवस्था में डेटा और साइबर सुरक्षा मजबूत करने पर जोर दिया। गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. करमजीत सिंह ने कहा कि जीएसटी की शुरुआत वर्ष 2017 में देश की कर व्यवस्था को एकजुट करने की दिशा में बड़ा कदम था। विशेषज्ञों ने पंजीकरण, रिटर्न भरने और इनपुट टैक्स क्रेडिट की प्रक्रिया आसान बनाने की जरूरत भी बताई।