शिक्षा मंत्री ने प्राध्यापकों को विद्यार्थियों से नियमित संवाद के दिए निर्देश
स्वच्छता, पेयजल और लाइब्रेरी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-1 स्थित राजकीय महाविद्यालय के निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी कॉलेजों में गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कॉलेजों के बुनियादी ढांचे और विद्यार्थियों की सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान मंत्री ने उन्हें नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल तथा कौशल विकास में लगानी चाहिए।
शिक्षा मंत्री ने कॉलेज के प्राध्यापकों और प्रशासनिक अधिकारियों को विद्यार्थियों से नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को समय पर सुनकर उनका समाधान किया जाना चाहिए। साथ ही कॉलेज परिसर में स्वच्छता, पेयजल, पुस्तकालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा, वरिष्ठ प्राध्यापक, प्रशासनिक अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।