चंडीगढ़। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा के एलिमेंटरी स्कूल हेडमास्टरों को बड़ा झटका देते हुए हरियाणा सरकार के उस आदेश पर रोक से इनकार कर दिया जिसके तहत उन्हें सप्ताह में 36 कक्षाएं लेने को कहा गया था। आदेश को चुनौती देने वाली याचिका भी हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है।
याचिका दाखिल करते हुए भगवान सिंह व अन्य ने हाईकोर्ट को बताया कि हरियाणा सरकार ने 28 मई 2020 को आदेश जारी करते हुए सभी एलिमेंटरी स्कूल हेडमास्टरों को प्रतिदिन 6 कक्षाएं लेने को कहा है। याचिकाकर्ताओं ने कहा कि हेडमास्टरों के पास प्रशासनिक कार्य भी होता है और ऐसे में दिन में 6 कक्षाएं लेना संभव नहीं है। यह भी कहा कि शिक्षकों के पद रिक्त पड़े हैं, जिन्हें भरने के स्थान पर हेडमास्टरों पर अतिरिक्त कक्षाएं लेने का बोझ डाला जा रहा है। याची ने कहा कि उन्हें भी हाई स्कूल हेडमास्टरों की तर्ज पर सप्ताह में 24 कक्षाएं लेने की छूट दी जानी चाहिए। हाईकोर्ट ने याची पक्ष को सुनने के बाद कहा कि यह नहीं कहा जा सकता है कि यह आदेश कानूनी रूप से गलत है। इसके साथ ही नियम के अनुसार तो सप्ताह में 45 कक्षाएं लेने का भी आदेश जारी किया जा सकता है। हाईकोर्ट ने कहा कि शिक्षकों को सौंपा गया काम उनकी नौकरी का हिस्सा है और ऐसे में इस आदेश पर रोक नहीं लगाई जा सकती है। अदालत ने कहा कि शिक्षकों की कमी का मामला याचिकाकर्ता संबंधित विभाग के समक्ष उठा सकते हैं और विभाग नीति के अनुरूप उस पर निर्णय लेने में सक्षम है। इन टिप्पणियों के साथ ही हाईकोर्ट ने याचिका को खारिज कर दिया।