अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब में धान सीजन के मद्देनजर बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ एक्शन में हैं। बुधवार को मंत्री ने पटियाला में पावरकाम के कई चीफ इंजीनियरों के कार्यालयों का दौरा किया। इनमें हाइडल, दक्षिण पटियाला, तकनीकी ऑडिट, इंफोर्समेंट, सिविल डिजाइन, ट्रांसमिशन सिस्टम, थर्मल डिजाइन, बिजली खरीद व रेगुलेशन, मीटरिंग, और एक्सईएन मॉडल टाउन पटियाला शामिल हैं। चेकिंग के दौरान, हरभजन सिंह ईटीओ ने सर्विस रजिस्टर, शिकायत पुस्तिका, उपस्थिति लॉग और अवकाश रिकॉर्ड सहित विभिन्न दफ्तरी रिकार्डों की गहन जांच की। उन्होंने डाटा इंट्रियों की पुष्टि करने और विभागीय जवाबदेही को समझने के लिए अधिकारियों से सक्रिय रूप से सवाल-जवाब किए।
चेकिंग के दौरान मंत्री ने नए बिजली मीटर कनेक्शन के लिए प्राप्त आवेदनों की कुल संख्या के बारे में जानकारी मांगी। उन्होंने अधिकारियों को यह डाटा प्रस्तुत करने का निर्देश दिया कि कितने मीटर स्वीकृत किए गए हैं और कितने आवेदन लंबित हैं। उन्होंने कहा कि अनावश्यक देरी न केवल उपभोक्ताओं को असुविधा पहुंचाती है बल्कि पावरकाम की दक्षता पर भी खराब असर डालती है। मंत्री ने शिकायत निवारण समय-सीमा पर विशेष ध्यान दिया। चीफ इंजीनियर दक्षिण पटियाला के दफ्तर में उन्होंने जांच की कि बिजली सप्लाई से संबंधित शिकायतों का कितनी तेजी से समाधान किया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने शिकायत रजिस्टरों को जांचा। एक्सईएन मॉडल टाउन पटियाला कार्यालय में मंत्री ने परिसर में मौजूद उपभोक्ताओं से सीधे बातचीत की। उन्होंने सेवा अनुभव पर उनकी प्रतिक्रिया मांगी, यह पूछते हुए कि क्या उन्हें अपना काम करवाने में कोई बाधा आई। इसके अलावा सभी कार्यालयों में अवकाश रिकॉर्ड की भी जांच की और देखा कि धान के पीक सीजन के दौरान कितने अधिकारी छुट्टी पर थे और ऐसी अनुपस्थिति के कारणों और अनुमोदन प्राधिकरणों के बारे में पूछताछ की। मंत्री ने फील्ड स्टाफ की रियल टाइम गतिविधियों को ट्रैक करके यह यकीनी बनाने का लक्ष्य रखा कि वह अपने तय ड्यूटियों में सरगर्मी से लगे हैं और अपनी जिम्मेदारियों की अनदेखी नहीं कर रहे हैं। जोर देकर कहा कि बिजली आपूर्ति की निगरानी, नुक्सों का पता लगाने और उपभोक्ता शिकायतों को तुरंत दूर करने के लिए क्षेत्र में निरीक्षण टीमों की उपस्थिति महत्वपूर्ण है।